होली पर खाद्य सुरक्षा टीम ने चलाया अभियान, नष्ट किए गए मिलावटी खाद्य पदार्थ
बलरामपुर जिला संवाददाता: आशीष कसौधन

बलरामपुर। होली के पर्व पर आम जनता को सुरक्षित और शुद्ध खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग ने विशेष अभियान चलाया। आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, लखनऊ के आदेशानुसार और जिलाधिकारी के निर्देशन में 6 मार्च 2025 को यह अभियान चलाया गया। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी बलरामपुर के नेतृत्व में गठित खाद्य सुरक्षा टीम ने फतवा बाजार (थाना ललिया) से पापड़ का नमूना, शिवपुर बाजार से खोया का नमूना, और बरदौलिया बाजार से नमकीन का नमूना एकत्रित किया। इसके साथ ही मणिपुर बाजार की एक डेयरी से खोया एवं पनीर के नमूने भी लिए गए। मिष्ठान प्रतिष्ठान में संग्रहित 30 किलो पनीर और 35 किलो खोया, जो खाने योग्य नहीं पाए गए, उन्हें मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। सभी नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए गए हैं। इस अभियान का उद्देश्य त्यौहार के समय में आम जनता को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य पदार्थ सुनिश्चित कराना है।